Powered by :
Last Updated:
WhatsApp जल्द एक नया सिक्योरिटी फीचर ला सकता है, जो अनजान नंबर से आए मैसेज पर चैट शुरू करने से पहले Scam Alert दिखाएगा. ये फीचर Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है.

WhatsApp ला रहा है बड़ा सुरक्षा अपडेट, अब फ्रॉड मैसेज में फंसने से पहले मिलेगा चेतावनी संदेश
वॉट्सऐप लगातार अपने प्लेटफॉर्म को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाने पर काम कर रहा है. पिछले कुछ महीनों में कंपनी ने कई नए प्राइवेसी और सिक्योरिटी फीचर्स पेश किए हैं. अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेटा के स्वामित्व वाला यह मैसेजिंग ऐप एक और नया फीचर टेस्ट कर रहा है, जिसका मकसद यूजर्स को ऑनलाइन फ्रॉड और स्कैम से बचाना है.
फीचर ट्रैकर WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप जल्द ऐसा वॉर्निंग मैसेज दिखाएगा जो तब दिखाई देगा जब कोई यूजर किसी अनजान नंबर से आई चैट खोलेगा. यानी अगर किसी ऐसे फोन नंबर से मैसेज आता है जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव नहीं है, तो चैट खुलने से पहले ऐप जरूरी जानकारी और सुरक्षा चेतावनी दिखाएगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस वॉर्निंग स्क्रीन पर ये भी बताया जाएगा कि संबंधित फोन नंबर किस देश में रजिस्टर्ड है. इसके अलावा वॉट्सऐप यह भी बताएगा कि वह नंबर आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव है या नहीं और क्या उस व्यक्ति के साथ आपका कोई कॉमन ग्रुप मौजूद है. इससे यूजर्स को यह समझने में मदद मिलेगी कि सामने वाला व्यक्ति कितना भरोसेमंद हो सकता है.
वॉट्सऐप इस दौरान एक चेतावनी मैसेज भी दिखाएगा, जिसमें बताया जाएगा कि स्कैमर्स व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड या पैसों की मांग करके लोगों को ठगने की कोशिश कर सकते हैं.
इसके बाद यूजर अपनी इच्छा के अनुसार चैट जारी रख सकता है या फिर उसे बंद कर सकता है. खास बात यह है कि आपकी इस कार्रवाई की जानकारी सामने वाले व्यक्ति को नहीं मिलेगी.
एंड्रॉयड और आईफोन दोनों पर करेगा काम
यह फीचर फिलहाल Android और iPhone दोनों प्लेटफॉर्म पर सीमित यूजर्स के बीच टेस्ट किया जा रहा है. अगर टेस्टिंग सफल रहता है तो आने वाले अपडेट्स में इसे सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है.
इसके अलावा वॉट्सऐप कई दूसरे नए फीचर्स पर भी काम कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी होम स्क्रीन के लिए नया Voice Note Widget और iPhone यूजर्स के लिए View Once Text Message जैसे फीचर्स की भी टेस्टिंग कर रही है.
इन नए अपडेट्स का मकसद यूजर्स को बेहतर अनुभव देने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को और मजबूत बनाना है.
About the Author

https://hindi.news18.com/news/tech/apps-whatsapp-testing-new-scam-warning-feature-for-unknown-chats-on-android-and-iphone-10606520.html







