ऐपल के अगले आईफोन लॉन्च में अभी कुछ महीने बाकी हैं, लेकिन लॉन्च से पहले ही एक ऐसी खबर सामने आई है जो आईफोन खरीदने की सोच रहे लोगों को निराश कर सकती है. अब तक iPhone 18 Pro को लेकर कैमरा, A20 Pro चिप और नए डिजाइन जैसी जानकारियां सामने आ रही थीं, लेकिन अब कई एनालिस्ट्स का दावा है कि इस बार ऐपल अपने प्रो मॉडल्स की कीमत भी बढ़ा सकता है.
हालांकि ऐपल ने अभी तक ऑफिशियल तौर पर कुछ भी नहीं कहा है, लेकिन हाल ही में कंपनी ने कई मैकबुक और आईपैड मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी की है. इसके बाद अब माना जा रहा है कि अगला नंबर आईफोन 18 प्रो सीरीज का हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो यह पिछले साल के मुकाबले काफी महंगा लॉन्च हो सकता है.
लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,249 डॉलर से 1,299 डॉलर के बीच हो सकती है. तुलना करें तो iPhone 17 Pro को 1,099 डॉलर की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था.
वहीं iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,349 डॉलर से 1,399 डॉलर तक जा सकती है. अगर ये अनुमान सही साबित होता है तो यह अब तक का सबसे महंगा Pro Max मॉडल होगा.
कीमत बढ़ने की सबसे बड़ी वजह स्मार्टफोन के जरूरी कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत को माना जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रैम और स्टोरेज चिप्स पहले से महंगे हो चुके हैं. इसके अलावा iPhone 18 प्रो मॉडल्स में 12GB RAM और TSMC की 2nm प्रोसेस पर तैयार होने वाला नया A20 प्रो प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है. इन अपग्रेड्स की वजह से मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट बढ़ सकती है, जिसका असर कीमत पर देखने को मिल सकता है.
भारतीय कीमत पर असर
अगर अमेरिका में कीमत बढ़ती है तो इसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ सकता है. पिछले साल iPhone 17 Pro भारत में ₹1,34,900 और iPhone 17 Pro Max ₹1,49,900 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुए थे.
मौजूदा अनुमानों के मुताबिक, आईफोन 18 Pro की कीमत ₹1.45 लाख से ऊपर जा सकती है, जबकि Pro मैक्स की शुरुआती कीमत ₹1.60 लाख का आंकड़ा पार कर सकती है. हालांकि अंतिम कीमत ऐपल की भारत रणनीति, टैक्स और डॉलर-रुपये की विनिमय दर पर निर्भर करेगी.
दिलचस्प बात ये है कि एनालिस्ट्स का मानना है कि कीमत बढ़ने के बावजूद प्रो मॉडल्स की मांग में बड़ी गिरावट नहीं आएगी. इसकी वजह ऐपल इंटेलिजेंस, नए सिरी फीचर्स और आसान EMI ऑप्शन बताए जा रहे हैं, जो प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदना पहले से आसान बना रहे हैं.
फिलहाल ये सभी जानकारी लीक और एनालिस्ट्स के अनुमानों पर आधारित है. ऐपल सितंबर में होने वाले अपने लॉन्च इवेंट में iPhone 18 सीरीज के साथ कीमत और सभी फीचर्स का ऑफिशियल ऐलान करेगा.
https://hindi.news18.com/news/tech/accessories-apple-iphone-18-pro-price-leak-iphone-18-pro-and-pro-max-could-get-costlier-in-india-10609669.html








